पठानकोट। पंजाब-हिमाचल सीमा पर रांची मोड़ रेलवे पुल के नीचे सेना की दो गाड़ियों के नीचे आकर कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। रेलवे क्षेत्र का मामला होने के कारण जीआरपी कंदरोड़ी ने आर्मी ड्राइवरों के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। मृतकों की पहचान हिमाचल के गांव मलोट इंदौरा निवासी अंकित शर्मा और विनय शर्मा के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदार थे। दोनों का एक क्रशर पंजाब के गांव कीड़ियां और दूसरा हिमाचल में था। गत रात दोनों कीड़ियां वाले क्रशर से अपने घर मलोट लौट रहे थे।
कंदरोड़ी जीआरपी प्रभारी रूपेश ने बताया कि आर्मी का काफिला जालंधर की ओर जा रहा था। इस दौरान क्रशर से दोनों युवक डस्टर गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। उनकी कार सेना के काफिले के साथ-साथ चल रही थी। जैसे ही सेना का काफिला रांची मोड़ की संकरी सड़क पर पहुंचा और युवकों ने कार को टाटरा गाड़ियों के बीच ले लिया। इसी दौरान काफिले में कार से आगे चल रही टाटरा गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दी जिससे युवकों की कार गाड़ी से टकरा गई। पीछे से आ रही एक अन्य टाटरा गाड़ी की टक्कर से युवकों की कार पिचक गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जेसीबी के साथ 1 घंटे की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला जा सका और कार को काटकर युवकों के शव निकाले जा सके। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। लाशों का पोस्टमार्टम नूरपुर के सिविल अस्पताल में करवाकर वासियों को सौंप दिया गया है।
अंकित की छह मई को थी शादी, गांव में पसरा मातम
हादसे में मारे गए कार चालक अंकित शर्मा की 6 मई को शादी थी। परिवार शादी की तैयारियां मुकम्मल करने में जुटा था कि बेटे की मौत की खबर आ गई। 1 मई से अंकित के घर पर शादी के कार्यक्रम होने थे। अंकित शर्मा की बहन जो कि विदेश में रहती है वो शादी के लिए कनाडा से आ रही है। उसे यह भी मालूम नहीं की जिस भाई की शादी के लिए वो आ रही है वो काल का ग्रास बन चुका है। वहीं विनय शर्मा भी क्षेत्र का नामी वॉलीबाल और क्रिकेट प्लेयर था। एक साथ दो नौजवानों की मौत से गांव में मातम पसरा है।