चप्पे-चप्पे पर पुलिस और लुट गए सवा दो लाख
आढ़ती के मुनीम को बाइक सवार लुटेरों ने बनाया शिकार
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। कांग्रेसियों के भारत बंद के दौरान सोमवार को शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। इसके बाद भी बाइक सवार तीन लुटेरों ने सवा दो लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। नई सब्जी मंडी के पास दोपहर करीब दो बजे लुटेरे वारदात के बाद पुलिस सुरक्षा को धता बताते हुए आराम से फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना डिवीजन दो की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नई सब्जी मंडी मकसूदां स्थित ओम फ्रूट कंपनी का मुनीम बिल्ला अपने दोपहिया वाहन पर उगाही करके वापस दुकान की तरफ लौट रहा था। मंडी के पास मोटर साइकिल सवार तीन लुटेरों ने उसे घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पता, लुटेरों ने चलते स्कूटर से मुनीम बिल्ला के हाथ से रुपये से भरा थैला छीनने की कोशिश की गई। लेकिन मुनीम बिल्ला ने थैले को कस कर पकड़ रखा था, जिस कारण वह जमीन पर गिर गया। गिरने के बाद लुटेरों ने उससे थैला छीन लिया और फरार हो गए। थैले में करीब 2.15 लाख रुपये थे। वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना की जानकारी थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस को दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुनीम बिल्ला ने घटना की जानकारी लेने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। बताया एक सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये लुटेरों की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं।