क्रशर पर महिला को पीटने का आरोप, तीन नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस ने छतवाल निवासी महिला की शिकायत पर तरनतारन निवासी तीन लोगों पर अनुसूचित जाति एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव छतवाल डिफेंस कालोनी निवासी सोनालिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव सिऊंटी तरफ नरोट जैमल सिंह के रावी स्टोन क्रशर में उनकी साझेदारी है। एक मार्च की दोपहर दो बजे के करीब बैठक के दौरान लेन-देन की बात चल रही थी कि उसके पार्टनर गांव खालड़ा, तरनतारन निवासी गुरशरण सिंह के साथ नोंकझोंक हो गई। गुस्से में आकर गुरशरण सिंह, उनके बेटे हरगुरनूर सिंह और उनके सहायक सरवण सिंह ने उन पर हमला कर दिया। सोनालिका ने बताया कि तीनों ने मारपीट कर उनके बाल खींचे और जातिसूचक गालियां निकालीं। जब उन्होंने जानने की कोशिश की तो उन्होंने गाड़ी का रास्ता रोका। पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकियां दीं। मामले की शिकायत के बाद डीएसपी देहाती सुच्चा सिंह ने मामले की जांच की और तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।