कारपोरेशन बैंक से आठ करोड़ 92 लाख की ठगी
पुलिस ने 86 लोगों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का मामला दर्ज
जमीन के जाली दस्तावेज व फर्जी इनकम टैक्स रिटर्न सर्टिफिकेट देकर लिया था लोन
अमर उजाला ब्यूरो
जीरा (फिरोजपुर)। थाना सिटी पुलिस ने जमीन के जाली दस्तावेज और फर्जी इनकम टैक्स रिटर्न सर्टिफिकेट देकर कारपोरेशन बैंक से आठ करोड़ 92 लाख 67 हजार 862 रुपये का कर्ज लेने के आरोप में 86 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
कारपोरेशन बैंक के जोनल आफिस लुधियाना के चीफ मैनेजर राधा कृष्ण ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी आदर्श आनंद पुत्र राजेश कुमार व अशीष कुमार वासी जीरा, सुखमंदर सिंह पुत्र लाल सिंह वासी मलोके, गुरतेज सिंह पुत्र हरदीप सिंह, केवल सिंह पुत्र प्यारा सिंह वासी झाके, जरनैल कौर पत्नी पंजाब सिंह वासी लालू वाला और 80 अन्य आरोपियों ने जमीन के जाली दस्तावेज और फर्जी इनकम टैक्स सर्टिफिकेट कारपोरेशन बैंक को देकर आठ करोड़ 92 लाख 67 हजार 862 रुपये का लोन लिया। आरोपियों ने लोन लेने के बाद किश्तें नहीं दीं। जब किश्तें नहीं आई तो बैंक ने कार्रवाई शुरू की तो पता चला कि आरोपियों ने बैंक को जमीन और इनकम टैक्स के जो भी दस्तावेज सौंपे थे, वे जाली थे। ऐसा कर आरोपियों ने बैंक से आठ करोड़ 92 लाख 67 हजार 862 रुपये की ठगी मारी है। इस संबंध में बैंक के अधिकारियों ने पुलिस को शिकायत दी। जांच कर रहे एएसआई गुरदीप सिंह के मुताबिक आरोपी आदर्श आनंद, आशीष कुमार, सुखमंदर सिंह, गुरतेज सिंह, केवल सिंह, जरनैल कौर समेत 86 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। इसकी तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।