चौकीदारों को बंधक बनाकर पनसप के गोदाम से लूटे 320 गेहूं के कट्टे
20 नकाबपोश लुटेरे ट्रक पर लाद कर ले गए गेहूं के बैग
पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना तलवंडी भाई के अंतर्गत पनसप के कुलजिंदरा गोदाम से रविवार तड़के 20 नकाबपोश लुटेरे गोदाम के चार चौकीदारों को बंधक बनाकर गेहूं के 320 कट्टे ट्रक पर लाद कर ले गए। चौकीदारों को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उधर, थाना तलवंडी भाई में मामला दर्ज कर लिया गया है।
चौकीदार दीवान सिंह पुत्र हरनाम सिंह वासी कालूवाला, रेशम सिंह पुत्र दलीप सिंह वासी घल्लखुर्द, सुखविंदर सिंह पुत्र महिंदर सिंह वासी जीरा व संतोख कुमार पुत्र रघुनाथ वासी तलवंडी भाई ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह 20 लुटेरे गोदाम में घुसे। सभी के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। लुटेरों के पास हथियार भी थे। लुटेरों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर गोदाम के ताले तोड़ दिए और गोदाम से 320 बैग गेहूं के ट्रक पर लादकर ले गए। लुटेरों ने चौकीदारों को धमकी दी थी कि जिसने भी चालाकी की उसका जानी नुकसान हो सकता है। किसी भी चौकीदार ने उनकी मौजूदगी में कोई हरकत नहीं की।
उधर, पनसप के मैनेजर मेजर कुमार ने बताया कि लुटेरे गोदाम से 320 गेहूं के बैग चोरी करके ले गए हैं। जिनकी कीमत दो लाख 77 ह जार रुपये बनती है। इस संबंधी पुलिस को शिकायत दे दी है। दूसरी तरफ तलवंडी भाई के एसएचओ अभिनव चौहान ने कहा कि इस मामले की पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।