फ्रूट व्यापारी ने नहर में लगाई छलांग, लापता
फिरोजपुर। छावनी निवासी तीस वर्षीय फ्रूट व्यपारी ने गांव बस्ती भाग सिंह के पास से गुजर रही नहरों में छलांग लगा दी। उसकी बाइक नहर के पास से बरामद हुई है। पुलिस ने गोताखोरों से उसकी तलाश करा रही है। शुक्रवार देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक देवराज निवासी गली नंबर-तीन फिरोजपुर छावनी का बेटा अशोक कुमार (30) की लगभग तीन साल पहले शादी हुई थी। अशोक छावनी के आजाद चौक पर फ्रूट का कारोबार करता है। वीरवार शाम को अशोक परिजनों को कह कर गया कि वह अभी आ रहा है। अशोक के भाई ने किसी कामकाज के सिलसिले में उसे मोबाइल फोन किया तो उसने जवाब दिया कि वह नहर में कूद कर मरने जा रहा है। जब घटनास्थल पर पहुंचे तो नहर के किनारे अशोक की बाइक खड़ी थी। अंधेरा होने के कारण उसे नहर में ढूंढ नहीं सके। शुक्रवार सुबह नहर में अशोक की तलाश की लेकिन शाम तक कोई पता नहीं चला।