रविवार को गुम हुए सुरिंदर का शव छप्पड़ से हुआ बरामद
गुस्साए ग्रामीणों द्वारा गांव औलख में छह घंटे धरना प्रदर्शन
चौदह दिन से लापता सुरिंदर का नहीं अभी भी सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)।
गांव कराईवाला में रविवार को गुम हुए बारह वर्षीय स्कूली छात्र सुरिंदर सिंह का शव सोमवार को गांव के ही छप्पड़ में से बरामद हुआ है। किसी ने सुरिंदर की हत्या कर उसे गट्टे में बांधकर छप्पड़ में फेंक दिया था। पुलिस ने छात्र के शव को गिद्दड़बाहा अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, चौदह दिन से इसी गांव के एक अन्य छात्र सुरिंदर का पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। गांव में एक ही नाम के दो बालकों के साथ हुई इस घटना ने दहशत पैदा कर दी है।
गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में गांव औलख में करीब छह घंटे धरना प्रदर्शन कर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गुस्सा निकाला। गौरतलब है कि गांव कराईवाला में रविवार को घर से पड़ोस में हो रहे शादी समागम में हिस्सा लेने की बात कह निकला छात्र सुरिंदर लापता हो गया था। इसी गांव के चौदह दिन से गायब एक और सुरिंदर नाम के ही बालक का भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
मौसेरे भाई ने नहर में धकेलने की बात कही
इस मामले में आरोपी सुरिंदर के मौसेरे भाई सोनी ने छानबीन दौरान पुलिस को उसे नहर में धकेलने की बात कही थी। जिसके बाद से पुलिस राजस्थान नहर में उसकी तलाश करती रही। मगर वह नहीं मिला। भड़के ग्रामीणों ने इन घटनाओं को लेकर आप के नेतृत्व में गांव औलख में धरना दे डाला। करीब छह घंटे चले इस धरने में शामिल हुए आप के जिला अध्यक्ष जगदीप संधू, सुखविंदर सिंह बराड़ व अन्य ने भी सराकर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतक सुरिंदर के आरोपी की तलाश करने और दूसरे केस में सुरिंदर को तलाशने के मामले में तेजी लाने की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे डीएसपी (डी) जगमीत सिंह द्वारा एक सप्ताह में इन घटनाओं के दोषियों पर कार्रवाई करने व केस निपटाने की बात पर धरना हटाया गया। इस मौके पर एसएचओ गिद्दड़बाहा धर्मपाल शर्मा, एसडीएम गिद्दड़बाहा नरिंदर सिंह धालीवाल, एसएचओ कबरवाला कुलदीप सिंह, सीआईए स्टाफ के इस्पेक्टर प्रताप सिंह, डय्ूटी मजिस्ट्रेट प्रताप सिंह, एसएचओ मलोट परमजीत सिंह भी उपस्थित थे।