अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। एफएफ रोड स्थित गांव सुखेरा बोदला के बस स्टैंड के पास कार ने एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक फरार हो गया। उधर, थाना जलालाबाद पुलिस ने शनिवार को कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक परमजीत सिंह (30) के भाई स्वर्ण सिंह पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गांव जोधा भैनी ने बताया कि उसका भाई परमजीत मेहनत मजदूरी कर शाम को लौट रहा था। वह गांव सुखेरा बोदला में सब्जी लेने के लिए रुका। जब वह सब्जी लेकर सड़क पार करने लगा तो जलालाबाद की तरफ से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।