वृद्धा की हत्या, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फगवाड़ा । फगवाड़ा के आदर्श नगर में रहने वाली बुजुर्ग महिला की रहस्यमयी परिस्थितियों में गला घोटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही कपूरथला के एसपी आई हरप्रीत सिंह मंडेर, एसपी नारकोटिक्स मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एसपी फगवाड़ा मनदीप सिंह, सतनामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसपी फगवाड़ा मनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी कत्ल की वजह पता नहीं चल सकी है लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतका का बेटा इंग्लैंड में रहता है। उसके आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।
मृतका की पहचान सतनाम कौर (58) पत्नी दिवंगत बलदेव सिंह वासी आदर्श नगर के रूप में की गई है। कोठी के निचले भाग में किराए पर रहने वाले अध्यापक संदीप ने बताया कि सतनाम कौर रोज सुबह सात बजे उठ जाती है। शुक्रवार रात वह ड्यूटी से लेट आया था। पहले वो उठने के बाद उनको आवाज देती हैं। शुक्रवार को आवाज नहीं दी तो वो अखबार लेकर ऊपर गए तो देखा कि सतनाम कौर बेड पर बेसुध पड़ी थी। उनके बुलाने पर आवाज नहीं दी तो उन्होंने सबसे पहले सूचना सतनामपुरा पुलिस स्टेशन को दी।
थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि मौका-ए-वारदात से लगता है कि सतनाम कौर का किसी ने गला घोट दिया है। कालोनी के लोगों ने बताया कि सतनाम कौर बहुत मिलनसार थी और हर रोज शाम को सैर के लिए निकलती थी। कल वो सैर के लिए नहीं आई। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल ली है। मौके पर पहुंचे उसके रिश्तेदार ने बताया कि सतनाम कौर का अपने किसी नजदीकी रिश्तेदार से जायदाद को लेकर विवाद था लेकिन वो खत्म हो चुका है। आशंका है कि इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस उनके बेटे के विदेश से लौटने के इंतजार में है।
फोटो 30केपीटीपीपीएचजी01,02