गांव भवानीपुर बैंक में सात माह में तीसरी बार लूट
400 मीटर की दूरी पर गांव परवेज नगर के खेत में लावारिस मिला एटीएम
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। कपूरथला-श्री गोइंदवाल रोड पर गांव भवानीपुर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में लुटेरों ने सात माह में तीसरी बार लूट को अंजाम दिया। इस बार तो लुटेरे शटर तोड़कर एटीएम ही उखाड़ ले गए। एटीएम न खोल पाने की वजह से 400 मीटर दूरी पर गांव परवेज नगर के एक खेत में छोड़कर फरार हो गए। वारदात रात पौने बारह बजे से सवा तीन बजे के बीच हुई। सूचना पाकर फत्तूढींगा पुलिस और बैंक के जोनल सिक्योरिटी इंचार्ज ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ब्रांच मैनेजर वीर दविंदर सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे उन्हें किसी का फोन आया कि बैंक के साथ लगे एटीएम का शटर टूटा हुआ है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजे का शीशा टूटा हुआ है और एटीएम गायब है। यहां तक कि सीसीटीवी टूटे हुए पाए गए। इसी दौरान उन्हें पता लगा कि उखाड़ा गया एटीएम बैंक से 400 मीटर की दूरी पर गांव परवेज नगर के एक खेत में पड़ा है। उसे एक बोरी से ढका हुआ था। उन्होंने बताया कि वह सात माह से यहां तैनात हैं। इस दौरान लुटेरों की ओर से तीसरी बार एटीएम को लूटा गया है। 2015 से बैंक की शाखा यहां पर खुली है तब से अब तक आठ बार लुटेरे इसे निशाना बना चुके हैं। लुटेरे एटीएम को खोल नहीं सके इसलिए छोड़कर भाग गए। वैसे भी उन्होंने बार-बार लूट की घटनाओं के चलते रात के समय एटीएम में कैश रखना बंद किया हुआ है। एटीएम पूरी तरह से खाली है। थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से कुछ सुराग लगाने की कोशिश की है। वहीं सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने के लिए कब्जे में लिया है। वहीं बैंक के जोनल सिक्योरिटी इंचार्ज रिपुदमन कुमार सिंह ने स्थिति का जायजा लिया।