डलहौजी (चंबा)। जिले में बार-बार बदलने वाला मौसम अब लोगों की अनमोल जिंदगियों पर भारी पड़ने लगा है। डलहौजी-बनीखेत मार्ग पर भठियां मोड़ के समीप बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा वीरवार को सुबह के समय पेश आया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान योगराज पुत्र मानक चंद गांव भदीयत्ता डाकघर डलहौजी चंबा के रूप में हुई। वहीं, पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि यह हादसा सड़क पर कोहरा होने की वजह से हुआ है। कोहरे के वजह से बाइक फिसल गई। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
बता दें कि बुधवार सुबह और दोपहर बाद क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी के बाद क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप पहले की अपेक्षा बढ़ गया था। इसी दौरान डलहौजी-बनीखेत मार्ग पर योगराज बाइक लेकर निकला था। मगर जैसे ही वह भठिया मोड़ के समीप पहुंचा तो बाइक कोहरे में स्किड होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी बनीखेत को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर योगराज को उठाया और सिविल अस्पताल डलहौजी ले जाया गया। यहां बाइक सवार को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया। जिले में बीते दिनों बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद तापमान में काफी गिरावट आई है। ऐसे में सड़कों पर सफर जानलेवा हो गया है। सड़क पर कोहरे की वजह से हादसे हो रहे है। इससे व्यक्ति काल का ग्रास बन रहे है। कोहरे वाले मार्ग पर लोग सावधानी बरतें। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।