पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर पिस्टल तान 1 लाख लूटे
पठानकोट-जालंधर नेशनल हाइवे स्थित नंगल भूर में हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पठानकोट-जालंधर नेशनल हाइवे स्थित नंगल भूर के पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर शुक्रवार की रात पिस्टल तानकर तीन लुटेरों ने रुपये लूट लिए। आरोपी 2 लुटेरों ने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था और तीसरे ने हेलमेट पहना था। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस का मोर्चा है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी डिटेक्टिव प्रभजोत सिंह विर्क और डीएसपी प्रेम कुमार ने घटना की जानकारी लेकर साक्ष्य जुटाए। पता चला है कि पंप कर्मचारियों से छीने गए दो मोबाइल फोन में से एक की लोकेशन आज इंदौरा में मिली है।
लूट की पूरी वारदात पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हो गई है। वारदात के समय पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी राहुल ने बताया कि देर रात हुई वारदात में काले रंग के पल्सर मोटर साइकिल पर तीन युवक आए। आते ही इनकी ओर से 100 का पेट्रोल मोटर साइकिल में डालने को कहा गया। उसने पेट्रोल डाल दिया तो इनमें से एक युवक नीचे उतरा तथा उसे 100 रुपये देने लगा। इसी दौरान दूसरने युवक ने पिस्टल निकाल ली और उसकी कनपटी पर रख कर उसे कमरे में ले गया। इसी दौरान उसके साथ ड्यूटी पर तैनात दूसरे कर्मचारी हरबंस को भी तीसरे लुटेरे ने पिस्टल दिखाकर चुप रहने को कहा।
राहुल के अनुसार इन लुटेरों ने जेब से रखी नकदी निकालने के लिए धमकाया। उनसे नकदी छीनने के बाद वह मैनेजर के कमरे में अलमारी में रखे रुपये भी ले गए। लुटेरों ने जाते समय उनके दोनों मोबाइल छीन लिए गए औरा एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लुटेरे वापस पठानकोट की ओर निकल आए। उन्होंने सभी लुटेरों की आयु 20 से 23 वर्ष के करीब बताई है। एसपी डिटेक्टिव प्रभजोत सिंह ने पेट्रोल पंप मालिक व कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचना शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर काबू कर लिया जाएगा।
4 महीने में लूट की चौथी वारदात
जिले में पिछले लगभग चार माह में एक ही तरह की यह चौथी वारदात है। पहली घटना में लुटेरों ने सुजानपुर के श्यामा आयरन स्टोर, इसके बाद मामून में 1 लाख रुपये, करीब बाइस दिन पहले डमटाल में ऐसी ही घटना को अंजाम दिया है। शुक्रवार की रात पेट्रोल पंप पर चौथी वारदात हुई। पुलिस इनमें से किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है।