सवारियों को लूटने वाले 5 आटो चालक काबू
पुलिस ने 3 आटो व 8 एटीएम कार्ड किए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। आटो में सवारियों को बिठा उनसे लूटपाट करने वाले 5 आरोपियों को सीआईए स्टॉफ - 2 देहाती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस थ्री व्हीलर लुटेरा गैंग से तीन थ्री व्हीलर व लोगों से लूटे हुए अलग-अलग बैंकों के 8 एटीएम बरामद किए हैं।
सीआईए स्टाफ - 2 देहाती के इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया एसआई सुरिंदर सिंह ने पुलिस पाटी सहित जीटी रोडअड्डा पचरंगा में नाकाबंदी दौरान ऑटो रिक्शा की आड़ में सवारियों से लूटपाट करने वाले 5 आरोपियों को काबू किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह 2017 से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। इन आरोपियों पर अलग-अलग थानों में कईं मामले भी दर्ज हैं। पकड़े आरोपियों में से 1 आरोपी अंकुश अदालत से पीओ भी हो चुका है। आरोपियों ने बताया कि वह लोगों को अपनी ऑटो में बिठा लेते थे व किसी सुनसान जगह पर जाकर उनसे लूटपाट कर लेते थे।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरलोचन सिंह उर्फ गोल्डी निवासी सरहाला, जिला नवांशहर, हरजीत सिंह उर्फ बब्बू निवासी गांव बाबक दरिया थाना टांडा जिला होशियारपुर, अंकुश उर्फ रिंकू निवासी गांव सूरानसी थाना डिवीजन नंबर 1, हरजिंदर सिंह उर्फ बच्चा व कुलदीप सिंह उर्फ पाला निवासी बस्ती नौ जालंधर के रूप में बताई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।