अमर उजाला ब्यूरो
गढ़शंकर (होशियारपुर)। बीडीपीओ कार्यालय में आम आदमी पार्टी के विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने एक गरीब व्यक्ति से ली गई रिश्वत के पैसे जेई अवतार सिंह संधू की जेब से निकलवाकर संबंधित व्यक्ति को वापस करवाए। उधर जूनियर इंजीनियर अवतार सिंह का कहना है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से फंसाया गया है। वहीं बीडीपीओ करमजीत सिंह का कहना है कि उन्होंने जूनियर इंजीनियर के खिलाफ एक दिन पहले ही एडीसी को लिखा था।
विधायक के कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक गांव सतनौर के व्यक्ति देवकी नंद को मकान बनाने के लिए सरकार की ओर से पैसे मिले थे। इसमें से पैसे दिलाने के नाम पर कार्यालय के जेई ने पांच हजार रुपये रिश्वत ले ली। जब इस बात का पता विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी को चला तो वह तुरंत पीड़ित देवकी नंद को साथ लेकर बीडीपीओ कार्यालय गए। उन्होंने वहां मौजूद उक्त जेई की जेब से वहीं पांच हजार रुपये बरामद कर लिए जो उसने देवकी नंद सेे लिए थे। जेई अवतार सिंह ने रिश्वत के पांच हजार रुपये विधायक रौड़ी को वापस करते हुए दोनों से माफी मांगी। जेई ने कहा कि उसे योजना के तहत फंसाया गया है।