सेंट्रल जेल में बंद कैदी की मौत
नशीले पदार्थ तस्करी के आरोप में था बंद
दस साल की सजा भुगतने के बाद, नहीं अदा कर सका था एक लाख रुपये जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। नशीले पदार्थ तस्करी के आरोप में सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद एक कैदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिमन सिंह पुत्र हर सिंह वासी चक्कियां थाना मक्खू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 21 जून 2001 में चिमन सिंह के खिलाफ थाना मक्खू में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था। नशे की तस्करी के आरोप में अदालत ने चिमन सिंह को दस साल और एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई थी। सजा भुगतने के बाद चिमन एक लाख रुपये जुर्माना अदा नहीं कर सका था। इसीलिए उसे एक साल की अतिरिक्त सजा और भुगतनी पड़ी। पांच अप्रैल 2013 को चिमन चार सप्ताह पेरोल पर चला गया। पेरोल खत्म होने पर चिमन चार मई 2013 को भगोड़ा हो गया। 28 दिसंबर 2015 को पुलिस ने चिमन को पकड़ लिया।
इसके बाद चिमन को सेंट्रल जेल फिरोजपुर भेज दिया। जिस समय पुलिस ने चिमन को काबू किया था, उस समय उसकी आंखों की रोशनी जा चुकी थी। चिमन को जेल के अस्पताल में दाखिल कर दिया। इसके बाद जेल प्रशासन ने बीती 17 अगस्त को चेकअप के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर भेज दिया। सिविल अस्पताल के डाक्टरों ने 21 अगस्त को चिमन को इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां से ठीक होने के बाद फिर चिमन को जेल भेज दिया। कुछ दिन पहले चिमन की फिर से तबीयत खराब हो गई, चिमन को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए फरीदकोट रेफर कर दिया, जहां चिमन की मौत हो गई।