हेरोइन, रिवॉल्वर, पिस्तौल और 15 कारतूस समेत चार गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। मकसूदां थाना की पुलिस ने चार तस्करों को असलाह, हेरोइन व लाखों कैश रुपयों के साथ काबू किया है।
एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने कहा कि एसआई रघुनाथ सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर विधिपुर फाटक के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने कार में सवार व्यक्तियों को रोका। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 400 ग्राम हेरोइन, एक रिवाल्वर 32 बोर, एक पिस्टल 7.65 बोर, 15 कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हेरोइन की सप्लाई देने के लिए नूरपुर अड्डा की तरफ जा रहे थे। पुलिस पार्टी ने आरोपियों की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए नूरपुर अड्डा के पास से एक सफेद मारुति कार में सवार व्यक्ति को 2 लाख 45 हजार की ड्रग मनी के साथ काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशेष कुमार निवासी शेरपुर संगरूर, हरप्रीत सिंह निवासी शाहपुर थाना ब्यास अमृतसर, गुरप्रीत सिंह निवासी पक्का थाना सदर कोटकपूरा और कुलदीप सिंह निवासी रंधवा थाना दसुहा होशियारपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।