पटवारी समेत तीन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
फिरोजपुर। थाना जीरा सिटी पुलिस ने जाली दस्तावेज तैयार कर एक कनाल तीन मरले जमीन अपने नाम करने के आरोप में पटवारी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में कश्मीर सिंह निवासी बस्ती माछियां जीरा ने बताया उसकी एक कनाल तीन मरले जमीन है। आरोपी मुख्तियार सिंह व भगवान सिंह वासी शाह वाला ने उसकी जमीन के जाली दस्तावेज तैयार करवाए और हलके के पटवारी हरमंदर सिंह से मिलीभगत कर उसकी जमीन अपने नाम करवा ली। इसकी भनक लगने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की तहकीकात करने के बाद शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी धरपकड़ के लिए छापामारी कर रही है।