2500 लीटर अवैध शराब बरामद
आबकारी और पुलिस विभाग की छापामारी में 35 हजार लीटर लाहन पकड़ा गया
24 मई को आबकारी विभाग की टीम पर ढाणी प्रेम सिंह समीप हुआ था हमला
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। पुलिस और आबकारी विभाग की तरफ से डीएसपी अमरजीत सिंह सिद्धू, आबकारी इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ शनिवार सुबह गांव महालम और ढाणी प्रेम सिंह पर की गई छापामारी के दौरान अवैध शराब, लाहन और शराब तैयार करने वाला सामान बरामद किया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह ने बताया कि डीटीसी बीके बिरदी, ईटीसी आरके आहूजा के आदेश पर पुलिस विभाग के साथ मिलकर गांव महालम और ढाणी प्रेम सिंह पर छापामारी की गई। इस दौरान घरों और कुछ स्थानों पर तैयार हो रही शराब को बरामद कर लिया गया। इस ी दौरान 2500 लीटर अवैध शराब और 35 हजार लाहन बरामद की गई। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए प्रयोग में लाने वाला सामान भी बरामद किया गया। इस छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि अन्यों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। आबकारी विभाग व पुलिस ने गांव महालम पहुंचते ही पूरे गांव को घेर लिया। जैसे ही नशे का धंधा करने वाले लोगों को पुलिस की भनक लगी वह वहां से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने एक घर में छापामारी कर अवैध शराब पकड़ी, जिसे वहीं पर नष्ट कर दिया। लोग छोटे कुएं खोद कर उसमें शराब तैयार कर रहे थे, जिसे पुलिस ने तोड़ कर अवैध शराब बरामद की। उल्लेखनीय है कि 24 मई को ढाणी प्रेम सिंह के नजदीक 16 लोगों ने आबकारी व पुलिस टीम पर हमला बोल दिया था। इसमें एक हवलदार जख्मी हो गया था।