अवैध संबंधों में पत्नी की हत्या
पत्नी का कत्ल करके खुद ही थाने पहुंच गया पति
मां को बचाते-बचाते बेटी भी हुई घायल
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
एक पति ने अवैध संबंधों के शक के चलते अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पति को शक था कि उसकी पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध हैं। शोभा व संजय में सुबह किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। इसी शक के कारन संजय नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया। जानकारी के अनुसार संजय कुमार पुत्र किशन कुमार कैंट में मोहल्ला नंबर 32, मकान नंबर 22 में किराए पर रहता था। संजय टैंपो चलाने का काम करता था। संजय ने पत्नी पर हमला करने के बाद खुद ही थाना कैंट में आकर आत्मसमर्पण कर दिया। संजय के अपनी पत्नी पर किए हमले के दौरान उसकी बेटी अमीषा भी बुरी तरह घायल हो गई।
इस हादसे के बारे में संजय ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक दिल्ली में रहती है व दो बेटियां यहीं रहती हैं। संजय ने कहा कि उसे अपनी पत्नी शोभा के अवैध संबंधों का पता था। वह इस बात से भी बहुत दुखी था कि उसकी बेटियों पर शोभा के अवैध संबंधों का असर न पड़े। उसने कहा कि पत्नी को कई बार कहा कि वह सुधर जाए, लेकिन उस पर इसका असर न होने के कारण वह पत्नी को ऐसा सबक सिखाना चाहता था कि वह आगे से इस काम से तौबा कर ले। संजय ने यह भी कहा कि वह शोभा को जान से नहीं मारना चाहता था, लेकिन चाकुओं के जख्म ज्यादा गहरे हो गए। जिसके कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है व संजय की बेटी के बयान थाना कैंट पुलिस ले रही है।