शादी के चार माह दंपति ने जहर निगला, पति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जैतो (फरीदकोट)। दबड़ीखाना रोड पर करीब चार माह पहले विवाहित जोड़े ने शुक्रवार को रात कोई जहरीली वस्तु खा ली। घटना में पति की मौत हो गई और पत्नी बठिंडा के एक निजी अस्पताल में दाखिल हैं।
थाना जैतो पुलिस को दिए ब्यान में रियासती खान ने बताया कि शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ कहीं बाहर गया हुआ था। घर में उसका बेटा रोहित खान व उनकी पुत्रवधू नजमा बेगम थी। जब देर रात लौटे तो उन्होंने देखा कि रोहित खान व नजमा बेहोशी की हालत में पड़े हैं। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों की मदद से उनको दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बेटे रोहित खान (21) को मृतक घोषित करार दे दिया। पुत्रवधू को इलाज के लिए बठिंडा के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। कुछ माह पहले विवाहित इस जोड़े ने जहरीली वस्तु गलती से खाई है या फिर किसी अन्य वजह से, फिलहाल पुलिस इसकी जांच-पड़ताल कर रही है। इस मामले में जांच कर रहे थाना जैतो के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि लड़के के पिता रियासती खान के ब्यान पर धारा 174 के तहत कार्यवाही की गई है। फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया है।