जालंधर। बैंक लूटने की योजना बना रहे आठ लुटेरों के मंसूबों को जालंधर देहात पुलिस ने नाकाम कर दिया। सीआईए देहाती और थाना नकोदर की पुलिस ने आठ लुटेरों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया। एसएसपी देहाती का दावा है कि लुटेरे नकोदर में किसी बैंक को लूटने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र कुमार उर्फ रवि निवासी बल हुक्मी, सुखजीवन कुमार उर्फ जीवन निवासी पिंड मीरपुर, शिवम निवासी नकोदर, जगजीवन कुमार उर्फ जीवन निवासी पिंड मीरपुर, हरीश कुमार उर्फ रिंकू निवासी मोहल्ला किशन नगर नकोदर, जतिंदर उर्फ संजू निवासी पिंड मंडियाला थाना महितपुर, हरदेव कुमार उर्फ हैप्पी निवासी मोहल्ला अर्जन नगर नकोदर और अमरजीत सिंह उर्फ अमृत निवासी तलवंडी सलेम थाना नकोदर के तौर पर हुई हैं।
एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने बताया कि गिरफ्तार आठों आरोपी पहले भी कई बार लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके थे। सभी लुटेरे नकोदर के किसी बैंक को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस को सूचना मिली की सभी लुटेरों गुरु नानक नेशनल कॉलेज रोड नकोदर के नजदीक ग्राउंड के एक कमरे के अंदर हथियारों के साथ मौजूद थे। पुलिस नेे छापामारी करसभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से 3 मोटरसाइकिल, 2 दातर, 2 कृपाण, 2 लोहे के रॉड, 1 चाकू के अलावा 1 लाख 70 हजार रुपये बरामद हुए हैं। आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि उन्होंने नकोदर के गुरु तेग बहादर नगर से कुछ दिनों पहले ही ढाई लाख रुपये लुटे थे और नकोदर-जालंधर रोड पर प्रिंस कोहली से 45 हजार रुपये, एक्टिवा लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं आरोपी सुखजीवन कुमार और जतिंदर कुमार के खिलाफ पहले भी दो-दो केस दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।