मोगा। जिले के कस्बा धर्मकोट में शुक्रवार की शाम को एक्साइज टीम को शराब तस्करों ने घेर लिया। किसी तरह बच भागी टीम ने खुद को जलालाबाद पूर्वी में शराब ठेके में बंद कर लिया। इस पर तस्करों ने ठेके के बाहर लगी लोहे ग्रिल तोड़कर टीम को जान से मारने की धमकी दी। थाना धर्मकोट पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने एक्साइज इंस्पेक्टर के बयान पर तीन नामजद समेत 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई संतोख सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता एक्साइज इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि शुक्रवार की शाम करीब साढे छह बजे वह एएसआई जसवंत सिंह, एएसआई शाम सुंदर ौरड्राईवर के साथ धर्मकोट इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान अवैध शराब का कारोबार करने वाले कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लाकर खड़ी कर दी। वहां से किसी तरह ड्राइवर ने गाड़ी निकाल ली। इस पर तस्कर उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। एक्साइज टीम वहां से तेजी के साथ जलालाबाद पूर्वी स्थित शराब ठेके पर पहुंच गई। आरोपी वहां भी उनके पीछे पहुंच गए। जान का खतरा होने के कारण टीम ने खुद को ठेके के अंदर बंद कर लिया। आरोपी काफी समय तक उन्हें गालियां व जान से मारने की धमकियां देते रहे और ठेके के बाहर लगी लोहे की ग्रिल भी तोड़ दी। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान पर तस्कर इंद्रजीत सिंह विक्की, जस्सा और गोपी वासी जलालाबाद पूर्बी सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।