कपूरथला। मॉडर्न जेल रोड गांव झल्ल ठीकरीवाल स्थित आईटीसी कंपनी के ठेकेदार की साइट से सीमेंट, सरिया समेत अन्य बिल्डिंग मैटीरियल चोरी हो गया। चोरों ने सामान चुराने के बाद गांव के ही एक बिल्डिंग मैटीयिरल स्टोर वाले को सस्ते दाम पर बेच दिया। थाना कोतवाली की पुलिस ने स्टोर मालिक समेत छह आरोपियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज करके जांच का दौर शुरू कर दिया है।
थाना कोतवाली की पुलिस को दी शिकायत में दीपक परासर निवासी बैंक कालोनी मिट्ठापुर चौक जालंधर ने बताया कि वह आईटीसी कंपनी गांव झल्ल ठीकरीवाल में बिल्डिंग ठेकेदार है। वह गांव झल्ल ठीकरीवाल जेल रोड के पास एक प्लाट खरीदकर अपना निजी कार्यालय बनवा रहे हैं। वहां दिन के समय पर लेबर काम करती है और रात को ताला लगाकर चले जाते हैं। कुछ दिन पहले चार इंच सॉकेट 05 पीस, चार इंच बैंड 05 पीस और 10 बोरे सीमेंट चोरी हो गया। बाद में उन्हें पता लगा कि उसका यह सामान बॉबी, मोटा, लखविंदर सिंह उर्फ लक्खू, घोणू व राणा ने चोरी किया है। जब उसने इनसे पूछा तो इन लोगों ने सामान चुराने की बात कबूली ली और कहा कि वह चोरी किया सामान लौटा देंगे लेकिन वापस नहीं किया। अब फिर 5 जून की रात को उनके प्लाट से 31 बोरे सीमेंट, 04 पाइप 04 इंच लंबाई 20 फुट, एक चौगाठ दरवाजा और 01 चौगाठ खिड़की, चार कुर्सियां प्लास्टिक, एक टेबल चोरी हो गया। यह सारा सामान बॉबी, मोटा, लखविंदर सिंह उर्फ लक्खू, घोणू व राणा ने मिलकर चुराया है। गांव के बिल्डिंग स्टोर के मालिक दलेर सिंह निवासी गांव झल्ल ठीकरीवाल को सस्ते रेट पर बेच दिया है। इस पर थाना कोतवाली की पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।