फिरोजपुर। थाना सदर जीरा के अंतर्गत गांव जोइयांव वाला में जमीनी और नंबरदारी विवाद को लेकर मिल रही धमकियों से परेशान एक व्यक्ति ने जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। थाना सदर जीरा पुलिस ने मंगलवार को मृतक की पत्नी के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
सुखप्रीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पति तरसेम सिंह (40) का आरोपी चमकौर सिंह, कुलदीप सिंह, भूपिंदर सिंह व सरदूल सिंह वासी जोइयां वाला के साथ जमीन और नंबरदारी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी उसके पति को धमकियां देते थे। इस कारण तरसेम बहुत परेशान रहता था। तरसेम ने उक्त आरोपियों से तंग आकर जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर बच्चन सिंह के मुताबिक मृतक तरसेम सिंह की पत्नी सुखप्रीत कौर के बयान पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।