फिरोजपुर। विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर रेंज ने सीनियर पुलिस कप्तान हरगोबिंद सिंह के नेतृत्व में कोआपरेटिव सोसायटी फिरोजपुर के ऑडिट इंस्पेक्टर हरभिंदर सिंह को छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए काबू किया है। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टीम में शामिल डीएसपी मुक्तसर राजकुमार, इंस्पेक्टर सतप्रेम सिंह, एएसआई गुरइकबाल सिंह व अन्य ने सुखदेव सिंह निवासी महंता वाला गुरुहरसहाय (फिरोजपुर) से छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए कोआपरेटिव सोसायटी फिरोजपुर के ऑडिट इंस्पेक्टर हरभिंदर सिंह को काबू किया। टीम ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एसडीओ रंकित कुमार व जूनियर असिस्टेंट बलजीत सिंह को सरकारी गवाह बनाया। सुखदेव सिंह ने विजिलेंस को शिकायत देकर कहा था कि ऑडिट इंस्पेक्टर हरभिंदर बतौर सेल्समैन ड्यूटी करता है। इसने ऑडिट रिपोर्ट में उसकी रिपोर्ट संतोषजनक बनाने के बदले दस हजार रुपये रिश्वत मांगी। बाद में सौदा छह हजार में मंजूर हो गया। इसकी सूचना सुखदेव सिंह ने विजिलेंस को दी और विजिलेंस अधिकारियों ने छापामारी करते हुए ऑडिट इंस्पेक्टर को रंगे हाथों काबू कर लिया।