जमानत पर छूटा युवक चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार
तारागढ़ थाने में दर्ज हैं 2 चोरी के मामले, अब गुरदासपुर से चोरी की बाइक
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। थाना मामून की पुलिस ने 2 मामलों में जमानत पर चल रहे युवक को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक गुरदासपुर के गांव पनियाड़ निवासी सतीश कुमार चोरी की बाइक हिमाचल में बेचने जा रहा था। तभी रास्ते में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जांच अधिकारी एएसआई मोहन लाल ने बताया कि आरोपी सतीश कुमार पर इससे पहले तारागढ़ थाने के अधीन पड़ते एरिया में 2 चोरियों का आरोप है। इन दोनों मामलों में सतीश जमानत पर है। इन मामलों में उससे चोरी की एलईडी, एलसीडी, बाइक और अन्य सामान बरामद हुआ था। एएसआई ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में माना है कि इस बाइक को उसने गुरदासपुर गीता भवन रोड से चोरी किया था। उसके साथ दीनानगर के मोहल्ला बेरियां निवासी अमनदीप भी था। चोरी के बाद वह इस बाइक को हिमाचल के नूरपुर में बेचने जा रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एएसआई ने बताया कि सतीश के पठानकोट से गुजरने की उन्हें सूचना मिली थी। जिसके बाद उन्होंने हिमाचल जाती सड़क पर नाका लगाया और साथी कर्मचारियों के साथ उसे गिरफ्तार किया। एएसआई ने बताया कि थाना मामून में दोनों आरोपियों सतीश और अमनदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।