पुलिस, आबकारी टीम पर शराब माफिया का हमला
ईंट लगने से हवलदार जख्मी, दूसरे को पीटकर वर्दी फाड़ी
पुलिस ने एक आरोपी को नामजद कर एक दर्जन के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। गवाल मंडी छापामारी करने गई पुलिस और आबकारी विभाग की टीम शराब माफिया ने हमला कर दिया। पथराव में एक हवलदार ईंट लगने से घायल हो गया। शराब माफिया ने दूसरे हवलदार को पकड़ने के बाद जमकर पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी। घायल हवलदार को सिविल अस्पताल फिरोजपुर में दाखिल कराया गया है। थाना कैंट पुलिस ने घायल हवलदार के बयान पर एक नामजद समेत 12 आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दिए गए बयान में हवलदार जरमल सिंह निवासी गांव गैदंड ने बताया उसकी ड्यूटी शराब ठेकेदार के साथ लगी है। उन्हें सूचना मिली थी कि गवाल मंडी में कई महिलाएं व पुरुष अवैध शराब का धंधा करते हैं। आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर जसपाल हांडा, ठेकेदार के मुलाजिम व पुलिस टीम गवाल मंडी में अवैध शराब का धंधा करने वाले लोगों के घरों में छापामारी की। इस पर शराब माफिया ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया। ईंट लगने से लह जख्मी हो गया। टीम के कुछ लोग जान बचाकर भाग निकले।
हवलदार बख्शीश सिंह आरोपियों के चंगुल में आ गया। आरोपियों ने बख्शीश सिंह को पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी। किसी तरह बख्शीश ने किसी भाग कर अपनी जान बचाई। हवलदार जरमल सिंह को जख्मी हालत में फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। इस घटना की सूचना थाना कैंट पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। हवलदार जरमल सिंह के बयान पर थाना कैंट पुलिस ने आरोपी राणा को नामजद कर 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।