शादी समारोह में गोली चलाने के मामले में एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)। दो दिन पहले 18 नवंबर की रात्रि स्थानीय आनंद नगर स्थित घर में शादी के संगीत समारोह के दौरान चली गोली के कारण हुई आठ वर्षीय बच्चे की मृत्यू के मामले में पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी बलविंदर सिंह को गिरफतार कर लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी अवतार सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
उल्लेखनीय है कि गत् 18 नवंबर की रात्रि आनंद नगर की गली न. 9 निवासी हरमंदर सिंह के पुत्र बिक्रमजीत सिंह की शादी का संगीत समारोह था। इस संगीत समारोह के दौरान समारोह में शामिल होने वाले व्यक्ति डीजे पर नाच-गा रहे थे। इसी दौरान समारोह में दूल्हे के मामा अवतार सिंह उर्फ काका व मौसा बलविंदर सिंह अपने रिवाल्वर से फायर करने लगे। हालांकि फायर करने के पश्चात सभी ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की लेकिन वे नहीं माने और फिर अवतार सिंह से रिवाल्वर छीन की बलविंदर सिंह द्वारा किए गए एक फायर से एक गोली वहीं बालकोनी में खेल रहे बच्चों में से आठ वर्षीय विक्रमजीत पुत्र कुलविंदर सिंह की पीठ पा जा लगी और वह वहीं गिर गया। जिसके पश्चात विक्रमजीत के पिता कुलविंदर सिंह व उसका भाई सुरिंदर सिंह उसे गाड़ी में तुरंत सिविल अस्पताल लेकर गए जहां विक्रमजीत को मृत घोषित कर दिया गया। विक्रमजीत को गोली हालांकि पीठ में लगी थी परन्तु यह गोली शरीर को अंदर से चीरते हुए दिल में पहुंच गई थी और इसी कारण विक्रमजीत ने अस्पताल पहुंचने से पहले की दम तोड़ दिया था। इसके अतिरिक्त हवलदार जगसीर सिंह के पुत्र तमरीन बराड़ को भी गोली लगी थी जो अस्पताल में उपचारधीन है। उक्त मामले में पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में डीएसपी मनविंदरबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने गोली चलाने वाले बलविंदर सिंह को तो गिरफ्तार कर लिया है परंतु अवतार सिंह अभी भी उनकी गिरफत में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि बलविंदर सिंह को कल अदालत में पेश किया जाएगा।