डेढ़ किलो हेरोइन समेत दो तस्कर गिरफ्तार
पाक तस्कर बूटा ने फेंसिंग से फेंकी थी हेरोइन
तस्कर का सीमा के पास है घर, घर में छिपाकर रखी थी हेरोइन
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। पंजाब पुलिस के नारकोटिक्स सेल ने पाक की तरफ से फेंसिंग पार फेंकी डेढ़ किलो हेरोइन लेकर आ रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उक्त हेरोइन पाक तस्कर बूटा ने पकड़े गए तस्कर गुरसेवक के घर के पास फेंकी थी। गुरसेवक का घर फेंसिंग से सौ मीटर की दूरी पर है।
एसपी (डी) बलजीत सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स सेल के सब-इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरसेवक सिंह वासी झुगिया नत्था सिंह, जिला तरनतारन व बगीचा सिंह वासी रसूलपुर, जिला तरनतारन हेरोइन तस्करी का धंधा करते हैं। पाक तस्कर बूटा ने फेंसिंग पार भारतीय सीमा में हेरोइन फेंकी है। इसे गुरसेवक और बगीचा उठाकर ला रहे हैं। नारकोटिक्स सेल के मुलाजिमों ने सुकड़ नहर गांव साबूआना के पास ट्रैक्टर से आ रहे गुरसेवक और बगीचा को रोककर तलाशी ली। तलाशी लेने पर इनके पास से डेढ़ किलो हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान स्वीकार किया गया कि गुरसेवक ने अपने घर के नजदीक ही पाक तस्कर बूटा से हेरोइन फेंकने को कहा था। गुरसेवक ने अपने घर में ही हेरोइन छिपाकर रखी थी। गुरसेवक का घर कंटीली तार से सौ मीटर की दूरी पर है। गुरसेवक पर पहले ही जिला तरनतारन पुलिस ने हेरोइन तस्करी संबंधी मामले दर्ज किए हुए हैं। एसपी (डी) ने बताया कि उक्त दोनों तस्करों की फेंसिंग पार और फेंसिंग के इस तरफ जमीन है। दोनों खेतीबाड़ी की आड़ में हेरोइन की तस्करी करते हैं। इससे पहले भी कई बार पाक से हेरोइन की खेप मंगवाकर सप्लाई कर चुके हैं।
---------------
फोटो संख्या-07एफजेडआरपी03 जे
कैप्शन--फिरोजपुर में पुलिस के अधिकारी हेरोइन समेत पकड़े दो तस्करों संबंधी जानकारी देते हुए।