अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। गांव अराईयांवाला कलां से बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे स्कूल से लौट रहे एक 6 वर्षीय छात्र के अपहरण का मामला सामने आया है। वारदात को बाइक पर सवार एक पुरुष और महिला ने अंजाम दिया। उन्हाेंने उक्त बच्चे को घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए। मामले में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है और फरीदकोट समेत आसपास के जिलों को अलर्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव अराईयांवाला कलां के सरकारी स्कूल की दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला हैप्पी पुत्र करनैल सिंह बुधवार दोपहर 2 बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने बड़े भाई व ताऊ के लड़के के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में उन्हें बाइक पर सवार एक पुरुष व एक महिला मिले। उन्होंने हैप्पी को घर छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ बैठा लिया और उसका बैग बाकी दोनों बच्चों को थमाकर फरार हो गए। परिवार के मुताबिक घटना के समय हैप्पी ने स्कूल वाली नीले रंग की वर्दी ही पहनी हुई है। डीएसपी जसतिंदर सिंह ने बताया कि बच्चे के अपहरण मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। गांव के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
-------
फोटो 11एफडीके01-फरीदकोट के अपह्त छात्र हैप्पी
-------