जमींदार को जमीन बेचने का झांसा देकर 87 लाख ठगे
पुलिस ने आरोपी किसान समेत नौ लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज, फरार
जमीन दिखा एडवांस ली रकम, रजिस्ट्री करवाने कचहरी नहीं पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
एक किसान ने अपने आठ साथियों के साथ मिलकर जमींदार को 34 कनाल चार मरले जमीन बेचने का इकरारनामा कर उससे 87 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी दिए हुए समय पर जमीन की रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचे। उधर, थाना छावनी पुलिस ने पीड़ित जमींदार के बयान पर किसान समेत नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पीड़ित जमींदार जसबीर सिंह पुत्र सवरन सिंह वासी गांव तेगा सिंह वाला ने पुलिस बताया कि गांव रत्ता खेड़ा बाजा कोतवाल में गुरमीत सिंह की जमीन है। गुरमीत और उसके आठ साथियों ने गांव रत्ता खेड़ा बाजा कोतवाल में 34 कनाल चार मरले जमीन उसे दिखाई जो बेचनी थी। उक्त जमीन बेचने के लिए आरोपियों ने उससे एडवांस में धीरे-धीरे कर 87 लाख रुपये ले लिए थे। जिस दिन जमीन की राजिस्ट्री होनी थी उस दिन आरोपी कचहरी में नहीं पहुंचे। जब जसबीर ने आरोपियों से अपनी धनराशि वापस मांगी उसे भी देने में आनाकानी करने लगे। इस संबंधी जसबीर ने पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने पूरे मामले की तहकीकात करनी शुरू कर दी। एएसआई सतनाम सिंह ने जांच-पड़ताल कर आरोपी किसान गुरमीत सिंह, गुरमीत के बेटे महावीर सिंह, कमलजीत सिंह, पत्नी गुरमीत कौर, बहू अमनदीप कौर पत्नी महावीर सिंह, वासी रत्ता खेड़ा बाजा कोतवाल, महल सिंह वासी छेहराटा, जसबीर सिंह वासी कमगर, जसबीर सिंह वासी ढोले वाला और बलदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
-------------