बाप-बेटे को घायल कर 40 हजार छीने
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। ट्रक यूनियन के पास सोमवार देर रात 5 लोगों ने बाप-बेटे पर हमला कर 40 हजार रुपए छीन लिए। घायल बाप-बेटे को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल पिता राकेश कुमार व बेटा लखविंद्र सिंह निवासी चार मरला क्वाटर के रहने वाले हैं।घायलों का कहना है कि हमला करने वाले अंगूरावाले बाग एरिया के रहने वाले हैं। घायल राकेश कुमार ने बताया कि वह ट्रक चलाता है। वह ट्रक लेकर हिमाचल प्रदेश स्थित भरमौर में सामान छोड़ने गया था। वहां से उसे सामान छोड़ने के लिए 40 रुपये की पेमेंट मिली थी। उसने ट्रक यूनियन के पास पहुंचने पर बेटे को वहां उसे लेकर जाने के लिए बुलाया।
उसने रात को ट्रक यूनियन में गाड़ी खड़ी की तो वहां 5 लोगों ने लोहे की राड व पानों से हमला कर दिया और उससे 40 हजार रुपये छीन लिए। इस दौरान उसका बेटा भी वहां पहुंच गया। बेटे ने बचाने की कोशिश की तो उन लोगों ने बेटे पर भी हमला कर जख्मी कर दिया। घायलों ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन नंबर 2 में की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।