लड़कियों को एनआरआई बताकर शादियां करवाने वाले गिरोह की सरगना गिरफ्तार
फरीदकोट में दो परिवारों से 90 लाख ठगने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। जिला पुलिस ने लड़कियों को जाली पासपोर्ट के आधार पर एनआरआई बताकर उनकी शादियां करवाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह की महिला सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान रामां मंडी (जालंधर) के गणेश नगर निवासी नरिन्द्र पुरेवाल के रूप में हुई। इस गिरोह ने फरीदकोट में भी दो परिवारों के लड़कों की शादियां करवाई और उनसे 90 लाख रुपये ठग लिए थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को काबू कर लिया है जबकि उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।
एसपी आपरेशन गुरमीत कौर ने बताया कि थाना सदर फरीदकोट के गांव गोलेवाला निवासी सरदूल सिंह ने शिकायत दी थी कि नरिन्द्र पुरेवाल ने मोगा के गांव चंद नवां निवासी मनप्रीत धालीवाल को अपनी रिश्तेदार व कैनेडियन लड़की बताया। उसकी शादी 29 जनवरी 2017 को शिकायतकर्ता के बेटे परविंदर सिंह के साथ करवा दी गई। उनके परिवार से 30 लाख की नकदी व 4 लाख का सोना लिया। लड़की करीब तीन माह तक गोलेवाला में रहने के बाद विदेश जाने का बहाना लगाकर पुरेवाल के साथ चली गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मनप्रीत धालीवाल कनाडा की निवासी ही नहीं थी। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में आपराधिक केस दर्ज किया।
एक अन्य शिकायत में जैतो के गांव गोबिंदगढ़ दबड़ीखाना निवासी गुरचरण सिंह ने बताया कि नरिन्द्र पुरेवाल ने जालंधर के बेदीपुर निवासी सिमरन सैनी उर्फ रूबीना शर्मा को भी जाली पासपोर्ट के आधार पर कनाडा की वसनीक होने का झांसा दिया और गांव गोलेवाला निवासी मास्टर परमपाल सिंह के साथ साजिश रचकर मई 2018 को उसका रिश्ता शिकायतकर्ता के बेटे सुखवीर सिंह के साथ कर 55 लाख रुपये की ठगी मारी। एसपी के अनुसार पुरेवाल ने कुछ लोगों के साथ मिलकर गिरोह बनाया हुआ है जो विदेश जाकर बसने के चाहवान परिवारों को गुमराह करके ठगी करता है। इस गिरोह के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी के पंजाब व दिल्ली में करीब 18 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार यह महिला काफी शातिर है और ठगी के बाद जब लोग उसके खिलाफ कार्रवाई करवाना चाहते हैं तो वह उलटा उनके खिलाफ ही झूठा केस दर्ज करवा देती है। एक ऐसा ही मामला नरिन्द्र पुरेवाल ने थाना कोतवाली फरीदकोट में इसी साल 31 जनवरी को गोलेवाला निवासी सरदूल सिंह वगैरा पर दर्ज करवाया था जिनसे उसने ठगी की है।
फोटो 23एफआरडीपी01
फरीदकोट की पुलिस लाइन में जानकारी देते एसपी आप्रेशन गुरमीत कौर
--------------
फोटो 23एफआरडीपी02
फरीदकोट में शादी के नाम पर धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार महिला के साथ पुलिस पार्टी
-------------