दीवार फांदकर स्कूल में घुसे युवकों ने परीक्षार्थियों को पीटा
वाइस प्रिंसिपल ने पांच विद्यार्थियों के खिलाफ दी शिकायत
स्कूल प्रशासन का एलान, अगर कार्रवाई न हुई तो बंद करेंगे स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल गांव अमरपुरा में शुक्रवार को कुछ युवकों ने दीवार फांदकर स्कूल में प्रवेश किया और प्री-बोर्ड परीक्षा दे रहे नौंवी व दसवीं के कई परीक्षार्थियों को बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं स्कूल स्टाफ के विरोध करने पर उन्होंने उन्हें भी मामले से दूर रहने की धमकी दी। घटना के बाद घायल परीक्षार्थियों को सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया और मामले की सूचना थाना बहाववाला पुलिस को दी गई।
जानकारी देते हुए स्कूल के वाइस प्रिंसिपल मोतीराम ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में 9वीं और 10वीं की प्री बोर्ड परीक्षा चल रही थी और इसी कारण स्कूल के दोनों गेट बंद थे। इसी दौरान उनके ही स्कूल के 11वीं और 12वीं के कुछ छात्र गांव के अन्य युवकों के साथ दीवार फांदकर स्कूल में घुस आए तथा डंडों आदि से परीक्षार्थियों की पिटाई शुरू कर दी। वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि जब उनके अलावा पंजाबी लेक्चरर अंजूबाला और ईटीटी टीचर रवि कुमार ने उनका बचाव किया तो पिटाई करने वालों ने उनसे भी धक्कामुक्की की और मामले से दूर रहने की धमकी दी। इस घटना में दो विद्यार्थियों को गहरी चोटें आईं, जिनमें दसवीं का कपिल और सातवीं का संजय शामिल है। इन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहीं वाइस प्रिंसिपल ने थाना बहाववाला पुलिस को पांच छात्रों के खिलाफ शिकायत देते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर सूत्रों से पता चला है कि यह मामला लड़कियों से छेड़छाड़ से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में गांव के लोग स्कूल में पहुंचे और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पुलिस ने हमलावर छात्रों के खिलाफ शीघ्र ही कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की तो वे रोष प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। वहीं स्कूल प्रशासन ने भी कार्रवाई न होने पर स्कूल बंद करने का एलान किया है।