पत्नी की हत्या कर पति फरार
कमरे को ताला लगाकर सुबह निकल गया पति
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। लेदर कांप्लेक्स इलाके में पति ने पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी और कमरे को ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बारे में उस समय पता चला जब कमरे से बदबू आने लगी। तत्काल पुलिस को बुलाया गया, कमरे का ताला तोड़कर पुलिस अंदर घुसी को महिला की लाश बेड पर पड़ी मिली। सूचना मिलते ही इलाका पार्षद लखबीर सिंह बाजवा मौके पर पहुंचे।
पार्षद लखबीर सिंह बाजवा ने बताया कि शव गुड़िया का है। गुड़िया व उसका पति सुरिंद्र न्यू राजन नगर में किराए के मकान में रहते थे। सुरिंद्र नजदीक ही गंदे नाले के पास रेहड़ी लगाता है। रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे महिला के माता-पिता किसी काम से आए तो वारदात का खुलासा हुआ। गुड़िया का पति सुरिंद्र सिंह रविवार सुबह करीब 11 बजे से लापता बताया जा रहा है। एसीपी सर्बजीत राय का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। ऐसी आशंका है कि सुरिंदर ने अपनी पत्नी की हत्या आपसी विवाद के कारण की है।