टकराव के दौरान हाथ में लगी चोट दिखातीं भाजपा नेता।
- फोटो : NAWANSHAHR
भाजपा की ओर से निकाली गई दलित इंसाफ यात्रा का स्वागत करने के लिए नवांशहर के अंबेडकर चौक पर जुटे भाजपाइयों व किसानों में टकराव हो गया। इस टकराव के दौरान भाजपा की जिला प्रधान पूनम मानिक को मामूली चोट आई व एक वर्कर की कमीज फट गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर दोनों पक्षों को पीछे हटाने के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार भाजपा की ओर से निकाली जा रही दलित इंसाफ यात्रा का स्वागत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता बस स्टैंड के पास अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए थे। भाजपाइयों के जुटने की सूचना जब किसान संगठनों को मिली तो किसान संगठनों के सदस्य भी अंबेडकर चौक के पास लगभग 100 मीटर की दूरी पर एकत्रित हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीच में पुलिसकर्मी तैनात हो गए। काफी देर दोनों तरफ से भाषण चलता रहा। लेकिन कुछ समय बाद जब भाजपा नेता डा. भीमराव अंबेडकर के बुत पर हार डालने के लिए आगे बढ़े तो किसान भी भाजपा नेताओं को रोकने के लिए आगे बढ़ गए। इसी दौरान भाजपा के कुछ वर्कर बुत के पास पहुंच गए। यह देख किसान संगठनों के कुछ सदस्यों ने भाजपा सदस्यों को पीछे खींचना शुरू कर दिया। इसके बाद एकदम स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान भाजपा जिला प्रधान पूनम मानिक के हाथ में चोट लग गई और एक वर्कर जीवन कुमार की कमीज फट गई। इसके बाद दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को दोनों पक्षों को हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिला भाजपा प्रधान पूनम मानिक ने कहा कि किसान संगठन अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें नहीं रोका। जब उनकी पार्टी डा. भीमराव अंबेडकर के बुत पर फूल-माला चढ़ाने की कोशिश कर रही है तो कुछ शरारती किसानों ने इसका विरोध किया और उनके वर्करों पर हमला किया। डा. पूनम मानिक ने हमलावरों पर केस दर्ज करने की मांग की। दूसरी तरफ किसान नेता सुरिंदर बैंस ने कहा कि किसान कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदेश में आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने पहले ही भाजपा को चेताया है कि जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं ले लिया जाता, वह किसी तरह का सियासी कार्यक्रम न करें। अगर वह कोई सियासी कार्यक्रम करेंगे तो किसान उसका विरोध करेंगे। भाजपा नेताओं और वर्करों ने जानबूझकर किसानों को उकसाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं व वर्करों पर केस दर्ज किया जाना चाहिए।
फोटो कैप्शन
22एनएसआर1पी
डा. भीम राव अंबेडकर के बुत पर पुष्प अर्पित करने जाते भाजपा नेता के साथ झगड़े किसान नेता
22 एनएसआर2पी
हाथ पर लगी चोट दिखाती हुईं जिला प्रधान डा. पूनम मानिक
भाजपा कार्यकर्ता को खींचते किसान नेता।- फोटो : NAWANSHAHR