पठानकोट। 20 सितंबर को कोटली पुल यूबीडीसी नहर के किनारे बाइक छोड़कर गायब हुए शाहपुरकंडी निवासी 20 वर्षीय युवक अखिल भारती का शव शुक्रवार शाम दीनानगर के तगियाल पुल के पास मिला। गुरदासपुर के बेअंत इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक के छात्र अखिल ने आत्महत्या करने से पहले एक ऑडियो परिवार को भेजा था।
इसके मुताबिक वह गुरदासपुर की लड़की से प्रेम करता था। ऑडियो में उसने कहा कि वह कोई नशा नहीं करता सिर्फ प्यार किया, जिसमें धोखा मिला। शुक्रवार को दीनानगर पुलिस को सूचना मिली कि नहर में एक युवक का शव दिखाई दे रहा है। अखिल के पिता सुनील कुमार रणजीत सागर बांध परियोजना में सुपरवाइजर हैं।
‘हारकर उठा रहा हूं यह कदम’
हैलो पापा, मैं कोई नशा नहीं करता। मैंने सिर्फ प्यार किया और उसमें भी धोखा मिला। दुनिया तो बहुत कुछ बोलती है, लेकिन मैंने कुछ नहीं किया। आप अपना ख्याल रखना। अगर रब्ब ने लिखा होगा तो अगली बार आपको जरूर मिलूंगा। हां, मम्मी मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। मैं हारकर यह कदम उठा रहा हूं। उसे कुछ मत कहना। जब मुझे आग लगाना तो उसे मेरे पास खड़ा रखना, यही दुआ करता हूं। बाकी और कुछ नहीं। अगर रब्ब सुन और देख रहा है तो मुझे बचाएगा। -जैसा अखिल ने अपनी ऑडियो में बोला