कैंटोनमेंट बोर्ड की चार हजार टाइलों की चोरी के आरोप में पूर्व अकाली विधायक जोगिंदर सिंह उर्फ जिंदू के बेटे सुरेंद्र सिंह उर्फ बब्बू व छावनी परिषद के अकाली पार्षद सुनील कुमार उर्फ शीला के खिलाफ थाना कैंट पुलिस ने वीरवार को मामला दर्ज किया है।
कैंटोनमेंट बोर्ड के जेई सतीश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बोर्ड की चार हजार टाइलें पूर्व अकाली विधायक जोगिंदर सिंह उर्फ जिंदू के बेटे सुरेंद्र सिंह उर्फ बब्बू तथा छावनी परिषद के पार्षद सुनील कुमार उर्फ शीला ने चुराई हैं। दोनों ने टाइलें चुराकर झोक रोड निवासी ममता के घर के सामने लगाईं हैं। सरकारी सामान चुराने के आरोप में कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों ने थाना कैंट पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने जांच के बाद सुरेंद्र और सुनील के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले की जांच कर रहे एएसआई महिंदर सिंह के मुताबिक कैंटोनमेंट बोर्ड के जेई सतीश कुमार के बयान पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।