पठानकोट के माधोपुर के थरियाल में 19 अगस्त की रात क्रिकेटर सुरेश रैना के फूका ठेकेदार अशोक कुमार की हत्या और उनके बेटे कौशल की मौत के मामले में वीरवार को अमृतसर से एआईजी उपिंद्रजीत सिंह घुम्मन पठानकोट पहुंचे। उनके साथ एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना और एसआईटी टीम के अधिकारी भी थे। पुलिस अधिकारियों ने ठेकेदार अशोक कुमार के घर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एआईजी दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मीटिंग की और 4 घंटे बाद चले गए। पुलिस टीम ने आसपास के एरिया में डेरों, दुकान और क्रशरों के आसपास जाकर पूछताछ की। वहीं, शटरिंग व लोहे की दुकानों पर जाकर पूछा कि 19 अगस्त को किसी ने दुकान से दराट, लोहे की रॉड तो नहीं खरीदी। पुलिस ने शाम को माधोपुर, थरियाल एरिया में सर्च अभियान भी चलाया। पुलिस ने 19 अगस्त को उस एरिया में जो काल ट्रेस हुए, उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा एसआईटी शामिल पुलिस की टीमें पंजाब, हिमाचल और दूसरे जिलों में जाकर तलाशी कर रही हैं।
सही दिशा में हो रही जांच : एसएसपी
एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि एसआईटी अपना काम कर रही है। मामले में अब तक संदिग्ध पाए गए 38 लोगों से पूछताछ भी की जा चुकी है। हमारी जांच सही दिशा में चल रही है। पंजाब, हिमाचल में कई जगह रेड की गई है। पुलिस इसे ‘काला कच्छा गैंग’ की करतूत मान कर मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा दूसरे एंगल पर भी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मृतक ठेकेदार के साथ काम करने वाले 6 लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा ठेकेदार का किसी से पैसों के लेनदेन या पुरानी रंजिश को लेकर भी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जिस दिन वारदात हुई उसके बाद थरियाल में सर्च की गई थी, पर उस दिन बारिश थी। इसके चलते दोबारा सर्च की गई है।