राजस्थान पुलिस द्वारा पकड़ा गया कार लुटेरा। एबीआर 2 व पुलिस द्वारा बरामद की गई लूटी गई कार।
- फोटो : ABOHAR
मलोट तहसील के गांव ईनाखेड़ा निवासी एक डिजायर कार चालक को मंगलवार को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया और उसे मारपीट कर अबोहर के कंधवाला रोड़ पर फेंक गए। जबकि कार लेकर राजस्थान की ओर फरार हो गए। बुधवार को उक्त डिजायर कार पदमपुर तहसील के अंर्तगत आते थाना घमूड़वाली क्षेत्र से बरामद हुई है। इस मामले में थाना नंबर 2 की पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं घायल का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
टैक्सी मालिक छिंदाराम पुत्र भानाराम ने बताया कि वह मलोट के टैक्सी स्टैंड पर गाड़ी चलाने का काम करता है और गत दिवस अपनी डिजायर गाड़ी लेकर खड़ा था तो इसी दौरान दो लोगों ने उसे अबोहर के आगे गांव खुइयां सरवर जाने के लिए कहा। जब वे अबोहर पहुंचे तो कंधवाला रोड पर दोनों लोग चाय पीने के लिए रुके और वहां इनका तीसरा साथी भी मौजूद खड़ा था। कार से उतरते ही तीनों ने उसके हाथ पीछे से पकड़ लिए व सिर पर ईंट मार कर बुरी तरह से घायल कर दिया और बेहोशी की हालत में छोड़कर डिजायर लेकर फरार हो गए। काफी देर बाद लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया और थाना नंबर 2 को मामले की सूचना दी।
इधर तीनों लुटेरे कार लेकर राजस्थान पहुंचे और पदमपुर तहसील के थाना घमूड़वाली क्षेत्र में कार बेचने की फिराक में थे कि कुछ लोगों ने इन्हें संदिग्ध समझ सूचना थाना घमूड़वाली को दी और पुलिस ने लोगों की मदद से तीनों को घेर लिया। लेकिन इनमें से दो लोग खेतों में भागते हुए फरार हो गए, जबकि अबोहर निवासी एक को पुलिस ने काबू कर लिया। राजस्थान पुलिस ने इस मामले की सूचना अबोहर पुलिस को दी। थाना घमूड़वाली के प्रभारी धर्मपाल शेखावत ने बताया कि पकड़ा युवक और लूटी गई कार अबोहर पुलिस के हवाले कर दी गई। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि लुटेरे कार को बेचने की फिराक में थे। लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। थाना नंबर 2 की पुलिस ने घायल छिंदाराम के बयान पर लुटेरों के खिलाफ भांदस की धारा 382 के तहत मुकदमा नंबर 6 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोटो एबीआर 1 और 2 है।
कैप्शन: राजस्थान पुलिस द्वारा पकड़ा गया कार लुटेरा।
एबीआर 2 व पुलिस द्वारा बरामद की गई लूटी गई कार।