सिपाही भर्ती को लेकर प्रदर्शन करते अभ्यर्थी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिपाही भर्ती में धांधली का आरोप लगा गुरुवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने जालंधर में प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने बीएसएफ चौक में धरना दिया, जिसके कारण सड़क पर जाम लग गया। विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए फर्जी भर्ती बंद करने की मांग की। इनका आरोप है कि सरकार ने कांस्टेबल की भर्ती तो निकाली है लेकिन नौकरी पर मात्र सिफारिशी लोगों को ही रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की भर्ती में बहुत बड़ा घोटाला हो रहा है। बीएसएफ चौक पर लगाए गए इस धरने के कारण बस स्टैंड, पीएपी, रामा मंडी, चौगिट्टी की तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम के कारण हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम से परेशान लोगों की प्रदर्शनकारियों से तीखी बहस भी हुई। इस सबके बाद भी पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
वाहन चालकों ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि उन्हें जाम के कारण काफी परेशानी हो रही है। अगर विरोध जताना है तो प्रशासन के पास जाकर जताएं लेकिन प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने लोगों की एक नहीं सुनी व लोगों की कारों के आगे खड़े हो गए। इस दौरान युवती मनीषा ने कहा कि सरकार ने कहा था कि इस भर्ती में 25 प्रतिशत एससी छात्रों को लेंगे लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम झूठे वादे कर रहे हैं, हमें ऐसा सीएम नहीं चाहिए। सीएम चन्नी उनको नौकरी दे रहे हैं, जो इनके अपने रिश्तेदार व खास हैं। इस दौरान छात्र नेता नवदीप ने कहा कि पंजाब पुलिस की भर्ती में फर्जीवाड़ा हुआ है। छात्रों का एक वफद सीएम से इस संबंध में मिलने भी गया लेकिन सीएम ने उनसे मिलना मुनासिब नहीं समझा। इसके कारण हमें मजबूरी में प्रदर्शन करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।