चंडीगढ़ रोड पर इस्लामाबाद में बुधवार को बाइक में एसयूवी की साइड लगने से युवक विनय जसवाल पुत्र राजीव कुमार निवासी गांव जंडोली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था और उसके माता-पिता दोनों दुबई में हैं। वह अपने घर से पतंग उड़ाने के लिए डोर लाने की बात कहकर निकला था। घायल की पहचान विशाल निवासी जंडोली के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक विनय बारहवीं की पढ़ाई पूरी करके विदेश में पढ़ाई के लिए जाना चाहता था और सिके लिए उसने आईलेट्स की परीक्षा हाल ही में दी थी। बुधवार को वह दोपहर वह अपने घर से अपनी ताई को पतंग उड़ाने के लिए कस्बा चब्बेवाल से डोर लाने की बात कहकर निकला था। चब्बेवाल में उसे उसका दोस्त विशाल मिल गया जो ट्यूशन पढ़ कर लौट रहा था। वहां से दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर होशियारपुर की ओर चल पड़े।
होशियारपुर में अभी वह शहर के बाहरी इलाके इस्लामाबाद में पहुंचा था कि एक एसयूवी को ओवरटेक करने के दौरान आगे से एक टेंपो आ गया। इसके चलते एसयूवी चालक ने जैसे ही गाड़ी एक ओर की तो बाइक का हैंडल गाड़ी से टकरा गया जिसके चलते वह सड़क पर गिर पड़ा और एसयूवी उसके ऊपर से गुजर गई। आसपास के लोगों ने थाना सदर पुलिस को सूचना दी और दोनों युवकों को चंडीगढ़ रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में विनय को मृत घोषित कर दिया। थाना सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मृतक विनय के पिता दुबई में काम करते हैं व उसकी माता भी कुछ ही दिन पहले दुबई गई थीं। वीरवार सुबह उनकी फ्लाइट है और उनके होशियारपुर पहुंचने पर पुलिस इस मामले में अगली कार्रवाई करेगी।