ऑपरेशन ब्लूस्टार के 40 साल पूरे हो चुके हैं, हमारी लेबर पार्टी सिख समुदाय के साथ खड़ी है। हम उनकी मांग के मुताबिक लेबर पार्टी की सरकार से अनुरोध कर रहे हैं कि ऑपरेशन ब्लू स्टार में ब्रिटेन की तत्कालीन पीएम रहीं मार्ग्रेट थैचर की भूमिका का सच सामने आना चाहिए। यह कहना है यूके के पहले पगड़ीधारी सांसद तनमनजीत ढेसी का, जो लेबर पार्टी यानी सत्ताधारी पार्टी के स्लो से सांसद हैं।
एमपी तनमनजीत सिंह ढेसी का कहना है कि वह कई वर्षों से ऑपरेशन ब्लू स्टार में ब्रिटिश सरकार की भूमिका की जांच करने की मांग कर रहे हैं। कंजरवेटिव सरकार में भी उन्होंने इसको उठाया था कि ब्लू स्टार में ब्रिटिश सरकार की भूमिका की जांच की जाए, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सांसद ढेसी ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि लेबर पार्टी ने यह वादा किया था, अब हमारी सरकार है और सिख समुदाय को हमारे से पूरी आशा है कि इसका सच सामने आना चाहिए।
ढेसी का कहना है कि उन्होंने तो चुनाव के दौरान भी कहा था कि श्री हरिमंदिर परिसर पर हमला करने की अनुमति तत्कालीन केंद्र सरकार ने दी थी। ऑपरेशन ब्लू स्टार में ब्रिटिश एयर सर्विस ने मदद की थी यह पहली बार नहीं है, जब लेबर पार्टी के नेताओं ने ऑपरेशन ब्लू स्टार में थैचर सरकार की भूमिका की जांच की मांग की है। ढेसी का कहना है कि हम पिछले 10 वर्षों से ये मांग कर रहे हैं। दरअसल, 2014 में ऑपरेशन ब्लूस्टार घटना के 30 साल पूरे होने पर एक रिपोर्ट आई थी। इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमृतसर के श्री हरिमंदिर साहिब पर हुई भारतीय सेना की कार्रवाई में ब्रिटिश स्पेशल एयर सर्विस ने मदद की थी।