खुद के रुपये न मिलने से परेशान लोगों का सब्र का बांध अब टूटने लगा है। लोगों ने बैंकों में जाकर हंगामा करना शुरू कर दिया है। वीरवार को भी कई दिनों से बैंक के चक्कर मार कर थक चुके लोगों का वीरवार को गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोग हरबंस नगर एसबीआई बैंक ब्रांच में जबरन घुस गए। उन्होंने बैंक के अधिकारियों से रुपये की मांग की।
बैंक अधिकारियों की ओर से लोगों को समझाए जाने के बावजूद लोग नहीं समझे। उन्होंने बैंक के अंदर ही नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि वह बैंक में तीन दिनों से लाइन में लग रहे हैं। बैंक में कैश खत्म की बात कह कर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। लोगों का आरोप है कि बैंक खुलने से तो घंटे पहले से भीड़ बैंक के बाहर जमा हो गई थी।
बैंक खुलने के कुछ मिनटों के बाद ही कैश खत्म होने का कहकर कैश काउंटर बंद कर दिया गया। इससे गुस्साए लोग जबरन बैंक में घुसे और हंगामा करने लगे। लोगों ने बैंक अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारी अपने लोगों को पैसे देकर खुश कर रहे हैं, जबकि लाइन में लगने वाले लोगों को कैश देने के बजाय वापस भेजा जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंच गई व बड़ी मुश्किल से पुलिस ने लोगों को शांत किया।