सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी की चरणछोह धरती सुल्तानपुर लोधी विश्व पटल पर धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के तौर पर विकसित होने जा रही है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में पहले से शुमार बाबा नानक की नगरी के रेलवे स्टेशन को मॉडल के तौर पर विकसित करने के लिए रेलवे मंत्रालय ने 40 करोड़ मंजूर किए हैं।
सुल्तानपुर लोधी के विधायक नवतेज सिंह चीमा ने बताया कि इस राशि से रेलवे स्टेशन का प्रसार, बुनियादी ढांचे का विकास, आधुनिक प्रौद्योगिकी की स्थापना से सिग्नल व्यवस्था सुधारने, यात्रियों के लिए अन्य सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा। अमृतसर के रेलवे स्टेशन के लिए भी 230 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने सांसद की तरफ से पवित्र नगरी के विकास में दिए योगदान और अब रेलवे स्टेशन के लिए निजी रुचि लेकर 40 करोड़ रुपये मंजूर करवाने पर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर लोधी का बाकी शहरों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। सड़क मार्ग के लिए पंजाब सरकार की तरफ से गुरुपर्व पर 5.89 करोड़ की लागत से नया बस अड्डा बनाया गया था।