जालंधर में गुरुवार को कोरोना वायरस की चपेट में आने से 510 मरीज संक्रमित मिले हैं। जबकि पांच मरीजों की मौत हो गई है। अचानक मरीजों की बढ़ी संख्या से लोगों में चिंता का माहौल है। पिछले एक साल के दौरान पहली बार कोरोना के इतने मरीज एक साथ सामने आए हैं। पुलिस प्रशासन ने मास्क न पहनने वालों के चालान काटने तेज कर दिए हैं, जबकि रात नौ बजे के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है।
लाल पैथ लैब को स्वास्थ्य विभाग का नोटिस
कोरोना संक्रमित मामलों की जानकारी देने में देरी करने पर स्वास्थ्य विभाग ने जालंधर स्थित लाल पैथ लैब को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। लैब के नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर इस बारे में सिविल सर्जन को रिपोर्ट देने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, लैब की तरफ से रिपोर्ट में देरी होने के कारण पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेट करने में देरी हो रही थी। इस कारण कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा था।
सिविल सर्जन डॉ. बलवंत सिंह ने कहा कि लैब को नोटिस भेजने के बाद उन्होंने 8 से 10 मार्च के बीच के 78 संक्रमित मरीजों की सूचना दी है। स्वास्थ्य विभाग को सूचना देरी से भेजी गई, जिस कारण मरीजों को खोजकर आइसोलेट करना काफी मुश्किल हो गया।
बरनाला में गुरुवार को मिले कोरोना के 13 मरीज
बरनाला में पिछले एक सप्ताह में 50 से अधिक मरीज संक्रमित हो चुके हैं और संक्रमितों की संख्या फिर बढ़ने लगी है, जो 75 तक पहुंच गई है। गुरुवार की बात करें तो कोरोना के तीन माह में सबसे अधिक 13 मामले सामने आए हैं।
फिरोजपुर में कोरोना से एक की मौत
फिरोजपुर के गुरुहरसहाए में कोरोना से 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। जबकि जिले में गुरुवार को कोरोना के नए 19 मामले सामने आए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या फिरोजपुर में 156 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी लोगों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी है।
पटियाला में मिले 179 मामले
पटियाला में गुरुवार को 179 नए कोविड पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई। जिससे अब जिले में पॉजिटिव केसों की कुल संख्या 19263 हो गई है, जबकि एक्टिव केस 1512 हैं। गुरुवार को एक और कोविड पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। जिसके बाद मौतों का आंकड़ा 545 हो गया है।