पठानकोट बाईपास पर तड़के 3:30 बजे की घटना, आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर फरार पेड़ से टकराई गाड़ी, गोवंश घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पठानकोट बाईपास पर बुधवार तड़के कथित गोवंश तस्करी के दौरान बजरंग दल की टीम को कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। टीम ने गोवंश से भरी संदिग्ध गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पीछा करने पर चालक और उसका साथी चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गए। इसके बाद अनियंत्रित गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदे गोवंश भी घायल हो गए।
बजरंग दल के उपाध्यक्ष शौर्य शर्मा के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि चार से पांच गोवंश को गाड़ी में भरकर अवैध रूप से जम्मू ले जाया जा रहा है। इसके बाद सदस्यों ने रात से ही अलग-अलग स्थानों पर निगरानी शुरू कर दी। बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे पठानकोट बाईपास के पास संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
आरोप है कि पीछा कर रही दो-तीन गाड़ियों को टक्कर मारने की भी कोशिश की गई। टीम ने ट्रक खड़े करवाकर और टोल प्लाजा बंद करवाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने टोल से पहले ही यू-टर्न ले लिया। सामने से टीम की गाड़ियां आती देख चालक और उसका साथी चलती गाड़ी से कूद गए।
घटना के बाद बजरंग दल के नेता इंद्रजीत और अमित ने गो-तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।