पठानकोट। सुजानपुर के गांव माधोपुर कुल्लियां में भूमि विवाद के चलते सेना के कैप्टन ने गोली चला दी। हालांकि, गोली से कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन, दोनों परिवारों के बीच हुई मारपीट में एक महिला घायल हो गई। मामले की जांच थाना सुजानपुर की पुलिस कर रही है।
घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कैप्टन रिवाल्वर लहराता दिखाई दे रहा है।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र कुमार निवासी माधोपुर कुल्लियां ने बताया कि गांव में अपने प्लाट में घर बना रहे हैं। उन्हीं के गांव में रहने वाला सेना का कैप्टन अपनी माता के साथ आया तथा उनके मकान की फोटो खींचने लगा।
जिसे लेकर उनमें बहस हुई। इस दौरान कैप्टन ने गाली-गलौज की। इसी दौरान कैप्टन घर से लाइसेंसी रिवाल्वर ले आया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कैप्टन ने पहले उसकी पत्नी से हाथापाई की और फिर अपनी रिवाल्वर से फायर किए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी किस्मत अच्छी थी जो गोली नहीं लगी।
उन्होंने सुजानपुर पुलिस को शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, डीएसपी धारकलां रविंद्र रूबी ने कहा कि सुजानपुर पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि माधोपुर कुल्लियां में दो पक्षों का प्लाट को लेकर झगड़ा हुआ है। इस झगड़े के दौरान आर्मी कैप्टन रोहित शर्मा द्वारा हवाई फायर किए गए हैं। सुजानपुर थाना प्रभारी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि वारदात वाली जगह से 2 खोल बरामद हुए हैं। जांच के बाद पुलिस की ओर से बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को यह भी पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच मामला सिविल कोर्ट में लंबित है।