शहर आने पर लोगों ने किया भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद/ फिरोजपुर। जलालाबाद के गांव स्वाहवाला की रहने वाली अनीशा ने हरियाणा में एचसीएस ज्यूडीशियल (न्यायिक) सेवा परीक्षा पास कर ली है। अनीशा ने बताया कि हरियाणा में एचसीएस ज्यूडीशियल (न्यायिक) सेवा परीक्षा हुई थी, जिसके परिणाम के दौरान उन्हें 55वीं रैंक मिली है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले वह दो बार परीक्षा दे चुकी हैं, जिसमें दूसरी बार वह पंजाब में हुई परीक्षा के दौरान पास भी हुई और इंटरव्यू में महज दो नंबर से रह गई थी। अब उनके द्वारा तीसरी बार हरियाणा में दी गई परीक्षा के दौरान जज बनने का अवसर मिला है। इसके बाद वह घर लौटी हैं और पारिवारिक सदस्यों ओर गांव निवासियों ने उसका भव्य स्वागत किया। अनीशा का कहना है कि काफी समय पहले उनके पिता को ब्रेन हेमरेज हुआ उनके पिता की एक आंख की रोशनी चली गई थी। इलाज के लिए पैसे तक नहीं थे। ऐसे दौर से गुजरने के बाद उसने ठान लिया कि वह कुछ करके दिखाएगी और उसे अधिकारी बनना है।
अनीशा के पिता जयचंद ने कहा कि अपनी बच्ची के लिए वह 18 घंटे वर्कशॉप पर काम करते रहे। मकसद एक ही था कि उनकी बच्ची पढ़ लिखकर अपना मुकाम हासिल करे।आखिरकार आज वह दिन आ ही गया। उनकी मेहनत रंग लाई है और उनकी बेटी जज बन गई। परिवार में बेहद खुशी का माहौल है।
फोटो कैप्शन -जलालाबाद (फिरोजपुर) में अनीशा का स्वागत करते लोग।