कपूरथला णें गुस्साई भीड़ ने बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी का घर गिरा दिया। गांव के सैकड़ों लोग आरोपी के घर पहुंचे और सामान की तोड़फोड़ के बाद घर तहस-नहस कर दिया।
यह सब पांच घंटे तक चलता रहा। लोगों ने आरोपी के परिजनों को घर से निकालकर गांव से बाहर भेज दिया। गांव बूटा की छह वर्षीय मासूम को 19 नवंबर को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद मार दिया था।
इस घटना कारण गुस्साए 200 से ज्यादा लोगों ने सोमवार को आरोपी घुकड़ के घर में तोड़फोड़ की। नल उखाड़ दिया। गांववासियों ने कहा कि इस जघन्य अपराध के आरोपी के लिए गांव में कोई जगह नहीं है।
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस दरिंदे को फांसी दी जाए। यदि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई न की तो वे सड़कों पर आने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
लोगों ने कहा कि आरोपी ने अपना जुर्म मान लिया है, परंतु फिर भी पुलिस डाक्टरी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस मौके पर गांव के सरपंच गुरदेव सिंह ने आरोपी का घर गिराए जाने के संबंध में कुछ भी बोलने से इनकार किया।
वहीं दूसरी तरफ डीएसपी सब डिवीजन बलविंदर सिंह सेखों ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के इस घटना में शामिल होने का सबूत नहीं मिला है।
जब उनसे आरोपी का घर गिराए जाने के संबंध में पूछा तो सेखों ने कहा कि जो भी लोग इस घटना में शामिल हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई न हुई तो चक्का जाम होगा : गांववासी
गांव बूटा के लोगों ने बैठक कर जिला प्रशासन से मांग की कि आरोपी के परिवार के खिलाफ भी केस दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए और इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को मौत की सजा दी जाए।
गांववासियों सरपंच गुरदेव सिंह, पूर्व सरपंच स्वर्ण सिंह, पूर्व सरपंच ऊड़ा सिंह, नंबरदार राजविंदर सिंह, ओंकार सिंह, सतनाम सिंह, लखवंत सिंह, गुरमीत सिंह, चरण सिंह, रतन सिंह, कश्मीर सिंह, सुरजीत सिंह, दमोदर सिंह ने डीसी से मांग की है कि आरोपी के परिवार को गांव से बाहर निकाला जाए और उनकी संपत्ति पंजाब सरकार कब्जे में ले।
पुलिस ने दो दिन में आरोपियों को काबू न किया तो सुभानपुर जीटी रोड जाम कर देंगे। आरोपी के परिवार का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया।